मसूरी मे सीडीएस जनरल विपिन रावत के निधन पर विभिन्न संगठनों ने शोक जताया, श्रद्धांजलि अर्पित की।

सिटी अपडेट

Mussoorie: तमिलनाडु के कुन्‍नूर में विमान दुर्घटना में भारत के पहले सीडीएस जनरल बिपिन रावत व उनकी पत्नी समेत अन्य सैन्य अफसरों की आकस्मिक मौत से उत्तराखंड ही नही समूचा राष्ट्र शोक में डूबा है। उनके निधन पर मसूरी स्थित शहीद स्थल झूलाघर पर भी शहर के विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों के लोगों ने भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके चित्र पर पुष्प अर्पित किए।

सीडीएस जनरल बिपिन रावत के निधन पर बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उनका निधन उत्तराखंड ही नहीं बल्कि पूरे भारतवर्ष के लिए अपूरणीय क्षति है। हिलदारी टीम ने भी सी डी एस रावत को श्रद्धांजलि अर्पित की।

पालिकाध्यक्ष अनुज गुप्ता ने CDS विपिन रावत की अकस्मात मृत्यु पर गहरा दुःख व्यक्त किया। वहीं उनके निधन को सेना और देश के लिए बड़ी क्षति बताते हुए कहा कि उनके द्वारा सेना में किए जा रहे बदलाव और आधुनिकीकरण जैसे कार्यों को देश हमेशा याद रखेगा

सामाजिक कार्यकर्ता प्रदीप भंडारी ने उनके निधन पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि आज पूरे देश में उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थनाएं की जा रही है। उनका निधन राष्ट्र के लिए अपूर्णीय क्षति है।

नगर पालिका परिषद सभासद जसवीर कौर ने उनके आकस्मिक निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए व कहा कि भारत ने अपना एक बहादुर सपूत खो दिया।

आम आदमी पार्टी की जिला महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सुरेश सैनी एवं प्रकाश राणा ने भी उनकी मृत्यु को भारतवर्ष के लिए अपूरणीय क्षति बताया व कहा कि उन्होंने देश की सुरक्षा व आतकंवाद को समाप्त करने के साथ ही पड़ोसी देशों को सबक सिखाया। उससे सभी देशवासी अपने को गौर्वान्वित महसूस करते थे।

सहारनपुर से आए पर्यटको ने भी शहीद स्थल पर जनरल बिपिन रावत को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि उनके नाम से ही दुश्मन देश खौफ खाते थे। पाकिस्तान व चीन उनके एक बयान से घबरा जाता था ऐसे महान योद्धा का असमय चला जाना देश की बड़ी क्षति है। इस मौके पर भगवती प्रसाद कुकरेती, राजीव अग्रवाल, विरेंद्र रावत, संजय टम्टा, पूरण जुयाल, कमल भंडारी, भगवान सिंह धनाई, श्रीपति कंडारी, शूरवीर भंडारी, प्रोमिला पंवार नेगी, विनिता, रूबीना अंजुम, बीना गुनसोला, आदि मौजूद रहे।

वहीं दूसरी ओर देवप्रयाग कीर्तिनगर जनकल्याण समिति ने भी शहीद सीडीएस जनरल बिपिन रावत को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि देश व उत्तराखंड ने एक ऐसा वीर सपूत खो दिया जिनकी एक दहाड़ से दुश्मन देश थर्रा जाते थे। उनका असमय चला जाना देश के लिए असहनीय है। उन्होंने देश की तीनों सेनाओं को जोड़ कर आपसी तालमेल बनाया जिससे भारत की ताकत बढ़ी।

इस मौके पर देवेंद्र उनियाल, विनोद कंडारी, बिजेंद्र पुंडीर, गौरव कंडारी, कीर्ति कंडारी व सोभन मेहरा आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *