पिछले 24 घंटे में कोरोना के 67 हजार 151 मामले सामने आये, 63 हजार 173 मरीज ठीक हुए

national

देश में कोरोना संक्रमण की रफ्तार थमती नजर नहीं आ रही है। पिछले कई दिनों से लगातार 60-70 हजार के बीच नए मामले मिल रहे हैं। संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 32 लाख को पार कर गया है। लेकिन अच्छी बात यह है कि बड़ी संख्या में रोजाना मरीज ठीक भी हो रहे हैं। अब तक 24 लाख से अधिक कोरोना के मरीज पूरी तरह से स्वस्थ हो चुके हैं। जबकि, इस महामारी से मरने वालों का आंकड़ा भी 60 हजार के करीब पहुंच गया है। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटे (मंगलवार, 25 अगस्त 2020) में कोरोना के 67 हजार 151 मामले सामने आ गए हैं और 1,059 लोगों की मौत हो गई। इस दौरान 63 हजार 173 मरीज ठीक हुए। वहीं आठ 23 हजार 992 सैंपल टेस्ट हुए।

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश में कोरोना के 32 लाख 34 हजार 475 मामले सामने आ गए हैं। इनमें से सात लाख सात हजार 267 एक्टिव केस है। 24 लाख 67 हजार 759 मरीज ठीक हो गए हैं। 59 हजार 449 मरीजों की मौत हो गई है। रिकवरी रेट 76.30 फीसद हो गया है। डेथ रेट 1.84 फीसद है। अब तक कुल तीन करोड़ 76 लाख 51 हजार 512 सैंपल टेस्ट हो गए हैं।

महाराष्ट्र में सात लाख से अधिक संक्रमित 

महाराष्ट्र में लगातार दूसरे दिन नए मामलों में कमी नजर आई। पिछले कुछ दिनों से 13 हजार से अधिक रोज नए केस मिल रहे थे। लेकिन एक दिन पहले 11 हजार नए केस मिले थे। मंगलवार को 10425 नए केस सामने आए और संक्रमितों का आंकड़ा सात लाख को पार कर गया। महाराष्ट्र में अब तक 22,794 लोगों की जान भी जा चुकी है। गोवा में 392 नए मामले मिले हैं और संक्रमितों की संख्या 14,530 हो गई है।

दिल्ली में बढ़ने लगे नए मामले

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में लगातार नए केस बढ़ रहे हैं। राजधानी में 1544 नए मामले सामने आए हैं और संक्रमितों की संख्या बढ़कर एक लाख 64 हजार को पार कर गई है। अब तक दिल्ली में 4330 मरीजों की मौत भी हो चुकी है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि आर्थिक गतिविधियां शुरू होने से बाहर से लोगों का आना शुरू हो गया है और लोग बड़ी संख्या में घरों से बाहर भी निकल रहे हैं, इसलिए मामले बढ़ रहे हैं। हालांकि, हालात पूरी तरह से नियंत्रण में हैं।

उत्तर प्रदेश में पांच हजार से अधिक नए मामले 

उत्तर प्रदेश में एक दिन बाद फिर 5124 नए मामले सामने मिले हैं। सोमवार को पांच हजार से कम नए केस सामने आए थे। राज्य में मरीजों की संख्या बढ़कर दो लाख के करीब 1,97,388 हो गई है। अब तक 3059 लोगों की इस महामारी की वजह से जान भी जा चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *