बरेली में गृहमंत्री बोले: 50 प्रतिशत मतदान भाजपा का होना चाहिए

उत्तरप्रदेश

जन विश्वास यात्रा के समापन पर शुक्रवार को बरेली आए गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम उत्तर प्रदेश की नब्ज भी टटोली। यात्रा को संबोधित करने के बाद वह सर्किट हाउस पहुंचे तो कैबिनेट मंत्री और संगठन के प्रमुख पदाधिकारी पहले ही वहां पर मौजूद थे। देर रात तक चली बैठक में जिलावार पार्टी की स्थिति का फीड बैक लिया गया। गृह मंत्री ने मंत्रियों और संगठन के प्रमुख पदाधिकारियों से पूछा कि इस बार 50 प्रतिशत से ज्यादा वोट पार्टी के हिस्से में लाने की योजना क्या है। पदाधिकारियों बिंदुवार इसकी जानकारी दी। बताया कि माहौल पार्टी के पक्ष में है। इसके बूते तीन सौ सीटों से पार जाने का लक्ष्य पूरा करेंगे।

गृह मंत्री अमित शाह रात्रि प्रवास भी करेंगे, यह पहले से तय हो गया था। बृज क्षेत्र की चुनाव संचालन समिति के 35 सदस्यों को रात की बैठक में शामिल करने की तैयारी थी। लेकिन ऐन मौके पर इसमें अचानक परिवर्तन कर दिया गया। संगठन के सिर्फ प्रमुख पदाधिकारियों को ही बुलाया गया। प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, केंद्र सरकार में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान यात्रा में शामिल होने के लिए पहले ही बरेली आ गए थे। बाद में संगठन महामंत्री सुनील बंसल भी लखनऊ से बरेली आ गए। सर्किट हाउस में बैठक शुरू हुई जिसमें पूछा गया कि क्षेत्र में पार्टी का माहौल क्या है। विपक्षियों की क्या तैयारी है। सभी से कहा गया कि इस बार कुल मतदान का 50 प्रतिशत अपने पक्ष में लाने का लक्ष्य पूरा करें। क्षेत्र में अधिक से अधिक लोगों से संपर्क करने के दिए निर्देश।

अगले चरण के कार्यक्रम हुए तयः नौ जनवरी को जन विश्वास यात्रा समाप्त हो जाएगी। लखनऊ के रमाबाई मैदान में जनसभा की जाएगी। इसके लिए सभी की जिम्मेदारी तय की गई। संगठन के पदाधिकारियों को बताया गया कि सभी शक्ति केंद्रों पर खिचड़ी महाभोज का आयोजन करना है। मकर संक्रांति पर हर जिले में कार्यक्रम किया जाएगा। जिसमें अनुसूचित जाति, जनजाति के लोगों को प्रमुखता से शामिल करें। उनके साथ मकर संक्रांति मनाएं। जनवरी में घर-घर संपर्क का अभियान भी चलाया जाएगा। महिला, युवाओं की टोलियां अपने संपर्क के लोगों से मुलाकात करेंगे। अनुसूचित जाति व पिछड़ा वर्ग के कार्यकर्ताओं की टोलियां बनेंगी। ये अपने वर्ग के लोगों से संपर्क करेंगी। सरकार की योजनाओं के बारे में बताया जाएगा। लाभार्थियों से मिलकर उन्हें भाजपा की उपलब्धियां बताई जाएंगी। घरों तक पहुंचने की विस्तृत रूपरेखा संगठन की क्षेत्रीय टीमों के जिम्मे दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *