मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने नई दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से की भेंट, आधा घंटा चली मुलाकात

उत्तराखण्ड

देहरादून। मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने सोमवार को नई दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से भेंट की। लगभग आधा घंटा चली मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने पार्टी अध्यक्ष को राज्य में कोरोना संक्रमण की स्थिति के साथ ही ताजा राजनीतिक हालात से अवगत कराया। समझा जा रहा है कि इस दौरान मुख्यमंत्री ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की तैयारी और दायित्व वितरण पर भी चर्चा की।

दिल्ली दौरे के तीसरे दिन मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत की भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से उनके आवास पर सोमवार शाम हुई मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच कई बिंदुओं पर चर्चा हुई। हालांकि मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने इसे केवल शिष्टाचार भेंट बताया। समझा जा रहा है कि मुख्यमंत्री ने इस दौरान उत्तराखंड में पार्टी नेताओं को विभिन्न समितियों, परिषदों व आयोगों में दायित्व सौंपे जाने को लेकर भी बात की। पिछली त्रिवेंद्र सरकार के दौरान नियुक्त दायित्वधारियों को तीरथ सिंह रावत के मुख्यमंत्री पद संभालने के बाद हटा दिया गया था। उत्तराखंड में लगभग आठ महीने बाद विधानसभा चुनाव होने हैं। इस स्थिति में सरकार जल्द पार्टी नेताओं को दायित्व सौंपने जा रही है।

मुख्यमंत्री तीरथ अभी पौड़ी गढ़वाल लोकसभा सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। उन्हें 10 सितंबर से पहले राज्य विधानसभा का सदस्य बनना है। मुख्यमंत्री लगभग तीन महीने का कार्यकाल पूरा कर चुके हैं लेकिन अभी उन्होंने पत्ते नहीं खोले हैं कि वह किस विधानसभा सीट से उप चुनाव लडेंग़े। माना जा रहा है कि पार्टी अध्यक्ष से भेंट के दौरान मुख्यमंत्री ने उनसे इस विषय पर भी चर्चा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *