Farmer Protest पर ट्वीट कर सुनील शेट्टी सोशल मीडिया पर हुए ट्रोल बोले – ‘हमारे देश को बदनाम किया जा रहा है’

मनोरंजन

दिल्ली में करीब दो महीने से चल रहे किसान आंदोलन को लेकर हाल ही में अंतरराष्ट्रीय पॉप सिंगर रिहाना ने एक ट्वीट किया जिसके बाद भारत में विवाद शुरू हो गया। रिहाना के ट्वीट पर बॉलीवुड सेलेब्स से लेकर सरकार तक ने प्रतिक्रिया दी। पॉप सिंगर के ट्वीट पर बॉलीवुड दो भागों में बंटा नज़र आया। जहां दिलजीत दोसांझ, स्वारा भास्कर समेत कई स्टार ने रिहाना का समर्थन किया, तो वहीं कंगना रनोट ने उनका खुलकर विरोध किया। इन सबके बीच फिल्म अभिनेता अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी, अजय देवगन और करण जौहर ने भी ट्वीट किया। लेकिन अपने ट्वीट की वजह से सुनील शेट्टी सोशल मीडिया पर ट्रोल हो गए।

एक्टर ने अपने ट्वीट में लिखा था, ‘हमें हमेशा चीजों का व्यापक दृष्टिकोण रखना चाहिए, क्योंकि आधे सच से ज्यादा खतरनाक कुछ भी नहीं है’। इस ट्वीट के बाद सुनील शेट्टी को सोशल मीडिया पर ट्रोल किया जाने लगा जिसपर अब एक्टर ने सफाई दी है। ईटाइम्स से बात करते हुए एक्टर ने कहा, ‘मैं किसानों का समर्थन कर रहा हूं, मैं सरकार का समर्थन कर रहा हूं, मैं भारत का समर्थन कर रहा हूं। अंतरराष्ट्रीय सेलेब्स जो बाहर हमें बदनाम कर रहे हैं, जो भी हमारे देश में हो रहा है उसकी गलत छवि दिखा रहे हैं, उनके लिए मेरे स्टेटमेंट बिल्कुल क्लियर था’।

एक्टर ने आगे कहा, ‘मैं ख़ुद एक किसान हूं हमारे पूर्वज किसान रहे हैं और हमें इस बात की इज्ज़त करनी चाहिए। किसान हमारे देश की रीढ़ की हड्डी हैं। मेरा बयान उन सारे सिलेब्रिटीज़ के लिए था जो हमारे देश पर कमेंट कर रहे हैं बिना उस बारे में ज्यादा जाने कि चल क्या रहा है’।

आपको बता दें कि केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों के विरोध में किसान पिछले लगभग 2 महीनों से आंदोलन कर रहे हैं। किसानों ने 6 फरवरी को राष्ट्रीय और राज्य हाईवे को जाम करने की चेतावनी दी है। किसान दिल्ली के सिंघु, टीकरी और गाज़ीपुर बॉर्डर पर डटे हुए हैं। किसानों की भारी तादाद को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने तगड़ी व्यवस्था की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *