आज अयोध्या में जुटेंगे जेपी नड्डा और बीजेपीशासित राज्यों के CM, रामलला का करेंगे दर्शन

उत्तरप्रदेश

रामनगरी अयोध्या में पहली बार भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री बुधवार को एक साथ रामलला के दर्शन करेंगे। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ 11 राज्यों के मुख्यमंत्री और उनके परिवार अयोध्या पहुंच रहे हैं। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा व केशव प्रसाद मौर्य भी आएंगे। भाजपा अध्यक्ष व मुख्यमंत्रियों का आना सुबह दस बजे से आरंभ होगा।

रामजन्मभूमि पर मंदिर के भूमि पूजन के बाद से ही विशिष्ट हस्तियों का अयोध्या आना जारी है। इसी वर्ष राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द भी ने रामलला का दर्शन किया था। भाजपा नेताओं के अब तक के सबसे बड़े कुंभ में सिर्फ 12 राज्यों के मुख्यमंत्रीगण व उनके परिवार शामिल होंगे, बल्कि भाजपा के मुखिया जेपी नड्डा भी आएंगे। यह पहली बार है कि इतने राज्यों के मुख्यमंत्री एक साथ रामलला का दर्शन करेंगे। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ ही राज्य के उपमुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा व केशव प्रसाद मौर्य भी आएंगे।

सभी अतिथि पंचशील होटल जाएंगे, जहां कुछ देर के विश्राम के बाद सभी रामजन्मभूमि, हनुमानगढ़ी, राम की पैड़ी व सरयू तट पर दर्शन-पूजन करेंगे। हवाई पट्टी, होटल पंचशील, सरयू आरती स्थल व हनुमानगढ़ी पर भाजपा नेता जेपी नड्डा व मुख्यमंत्रियों का स्वागत करेंगे। दोपहर दो बजे रामजन्मभूमि परिसर में ही भाजपा अध्यक्ष व मुख्यमंत्रीगण श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपतराय व सदस्यों से मुलाकात करेंगे।

अयोध्या में बुधवार को कई राज्यों के मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री एवं अन्य विशिष्टजनों के आगमन के दृष्टिगत जिलाधिकारी नितीश कुमार ने अधिकारियों के साथ हवाईपट्टी समेत अन्य महत्वपूर्ण स्थलों का निरीक्षण किया। सायं आइजी केपी सिंह, जिलाधिकारी एवं एसएसपी शैलेंश पांडेय ने सुरक्षा ड्यूटी में लगे अधिकारियों व कर्मचारियों की पुलिस लाइन में ब्रीफिंग की। सभी वीवीआइपी काशी से रामनगरी आएंगे। सुबह 10 बजे के बाद पहुंचने का कार्यक्रम है। काशी से सीधे ये सभी हवाई पट्टी और फिर वहां से पंचशील होटल पहुंचेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *