उमा भारती ने कहा, राजनीति बहुत हुई, यह अब जीवन का मकसद नहीं, अब बस मां गंगा की सेवा करने की इच्छा

national

बुलंदशहर, पूर्व सीएम व केंद्रीय मंत्री उमा भारती ने कहा, राजनीति बहुत हुई, यह अब जीवन का मकसद नहीं है, अब बस मां गंगा की सेवा करने की इच्छा है। जीवन का उद्देश्य राजनीति तक सीमित रहना नहीं है। उन्होंने कहा कि जीवन भर मेरा प्रयास होगा कि गंगा की पवित्रता के लिए संघर्ष करूं।

केन्द्रीय मंत्री रहते हुए गंगा के लिए जो योजनाएं बनायी गयी थी, उन्हें पूरा कराऊं। पूर्व सीएम उमा भारती बुधवार को गंगा कलश यात्रा के साथ अनूपशहर के भृगु आश्रम पहुंची थी। इस दौरान उपस्थित लोगों के समक्ष उन्होंने अपना संक्षिप्त संबोधन दिया। कहा, छोटी काशी व भृगु आश्रम भगवान की देन है।

भृगु ऋषि के पैर भगवान विष्णु के हृदय में रहते हैं। यह धरती मां गंगा के तट पर बसी हुई है। यह भूमि अत्यंत पवित्र है। इस भूमि से मुझे अत्यधिक लगाव है। इसी कारण राजनीति से दूर रहकर मैं यहां बार-बार आती हूं। जीवन का उद्देश्य अब मां गंगा की सेवा करना ही है। मंत्री पद होने के दौरान गंगा के लिए जो योजनाएं बनाई थी, उनको पूर्ण करना ही अब उद्देश्य है। उन्होंने सभी लोगों से आह्वान किया, कि वह गंगा पुत्र हैं। गंगा की सेवा के प्रति संकल्पित रहें। गंगा की स्वच्छता, निर्मलता, अविरलता को लेकर दूसरों को भी जागृत करें। उन्होंने कहा भृगु आश्रम में देश के जाने माने संतों के आगमन ने यहां की पवित्रता को बढ़ाया है।

उन्होंने गंगा को पवित्र करने के अभियान में प्रभावी भूमिका व योगदान की अपील की। इस दौरान विधायक संजय शर्मा, विधायक अनीता लोधी राजपूत, लोनी विधायक नंदकिशोर, भाजपा नेता डीके शर्मा, साध्वी समर्पिता, सुदेश कुमार ब्रह्मचारी, ब्लाक प्रमुख अतुल कुमार सिंह, डॉक्टर सुधीर अग्रवाल, नरोत्तम दास गोयल, माधुवेंद्र शर्मा, दिनेश शिवा, मुनेश शर्मा, तुषार गुप्ता, विनीत बंसल आदि अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

ऋषिकेश से प्रारंभ हुई गंगा कलश यात्रा

गंगा कलश यात्रा ऋषिकेश से प्रारंभ हुई है। यात्रा का समापन 14 जनवरी को मकर सक्रांति के दिन गंगासागर पहुंचने पर होगा। गंगा कलश यात्रा का उद्देश्य गंगा किनारे बसे गांव के लोगों को गंगा की स्वच्छता के प्रति जागरूक करना है। भृगु आश्रम पहुंचने पर सैंकड़ों श्रद्धालुओं ने सुंदरकांड का पाठ किया। धार्मिक भजनों का भी पाठ हुआ। उमा भारती ने विधायक संजय शर्मा, अनीता लोधी राजपूत, डीके शर्मा, नंदकिशोर का कई बार नाम लेकर विशेष सहयोगी बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *