वरिष्ठ अधिवक्ता अनिल गांधी के साथ ही पूर्व फुटबॉलर अनिल मल्ल का निधन, दोनों का अस्पताल में चल रहा था इलाज

उत्तराखण्ड

देहरादून बार एसोसिएशन के चार बार सचिव व दो बार उपाध्यक्ष रहे वरिष्ठ अधिवक्ता अनिल गांधी के साथ ही पूर्व फुटबॉलर अनिल मल्ल निधन हो गया। दोनों का अस्पताल में इलाज चल रहा था। उनके निधन से अधिवक्ताओं और खेल जगत से जुड़े लोगों में शोक की लहर दौड़ गई।

अनिल गांधी का महंत इंदिरेश अस्पताल में इलाज चल रहा था। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मनमोहन कंडवाल ने बताया कि अनिल गांधी वर्ष 2009-10 व 10-11 में बार एसोसिएशन के उपाध्यक्ष चुने गए थे। 2011-12, 12-13 व 15-16 व 16-17 में चार सचिव भी चुने गए। उनके निधन से उन्हें अधिवक्ता समाज को अपूर्णनीय क्षति हुई है। कहा कि मैने अपना सबसे अच्छा साथी खो दिया है। अनिल गांधी अविवाहित थे।

सचिव अनिल शर्मा ने कहा कि गांधी अधिवक्ताओं के हितों को लेकर हमेशा मुखर रहे, उनके यूं चले जाने से हम सभी मर्माहत हैं। उधर, राज्य आंदोलनकारी मंच के प्रदेश अध्यक्ष जगमोहन सिंह नेगी व जिला अध्यक्ष प्रदीप कुकरेती ने कहा कि अनिल गांधी बड़े हंसमुख स्वभाव के तो थे ही साथ ही युवाओं की आवाज थे। वह हमेशा राज्य आंदोलनकारियों के साथ तन, मन, धन से सहयोग देते रहे। हम उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हैं।

पूर्व फुटबॉलर अनिल मल्ल का निधन

देहरादून के पूर्व फुटबॉलर अनिल मल्ल का मैक्स अस्पताल में निधन हो गया। वह 62 वर्ष के थे और लंबे समय से हृदयरोग के साथ ही डायबिटीज से पीड़ित थे। तकरीबन सात दिन पहले शुगर का लेवल बढ़ने पर स्वजनों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया था। बुधवार को हरिद्वार में उनका अंतिम संस्कार किया गया। पूर्व फुटबॉलर के निधन की खबर सुनकर प्रदेशभर के खेल प्रेमियों और खेल जगत से जुड़े लोगों ने दुख व्यक्त किया।

जिला क्रीड़ा अधिकारी देहरादून राजेश ममगाईं ने बताया कि अनिल मल्ल राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी रहे। वह बेहतरीन फारवर्डर थे। सर्वे ऑफ इंडिया में नौकरी करते हुए उन्होंने सर्वे ऑफ इंडिया के लिए लंबे समय तक फुटबॉल खेला। इसके अलावा देहरादून के जिप्सी यंग क्लब के लिए वह करीब 20 साल तक खेले।

उन्होंने नेपाल की महिंद्रा पुलिस के लिए भी कई साल तक फुटबॉल खेला। अनिल मल्ल देहरादून के रायपुर में रहते थे। वह अपने पीछे एक बेटा और एक बेटी छोड़ गए हैं। उनके निधन पर उप क्रीड़ा अधिकारी, दीपक रावत, अनूप बिष्ट, देहरादून फुटबॉल एकेडमी के सचिव उस्मान खान, उत्तराखंड एथलेटिक्स संघ के सचिव केजेएस कलसी, एसके अग्निहोत्री आदि ने शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *