प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने CM धामी से उत्तराखंड में चल रहे राहत और बचाव कार्यों की ली जानकारी

उत्तराखण्ड

देहरादून। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को फोन कर राज्य के आपदा प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे राहत व बचाव एवं निर्माण कार्यों के बारे में जानकारी ली।केंद्र सरकार उत्तराखंड में हालिया आपदा के बाद लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पिछले दिनों उत्तराखंड में आई आपदा के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से फोन पर बात कर आपदा की स्थिति व राहत कार्यों की जानकारी ली थी। साथ ही केंद्र से हर संभव मदद का भरोसा दिया था।

रविवार देर शाम एक बार फिर प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री से आपदा राहत कार्यों को लेकर फोन पर बात की। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को राज्य में चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों के बारे मे अवगत कराते हुए आपदा प्रभावितो को दी जा रही आर्थिक सहायता एवं पुनर्वास के बारे में विस्तार से जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने स्वयं टवीट कर यह जानकारी दी। उल्लेखनीय है कि आपदा के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गत 21 अक्टूबर को उत्तराखंड के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया था।

मुख्यमंत्री से मिले केंद्रीय राज्यमंत्री बालियान

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से रविवार देर शाम उनके आवास पर केंद्रीय पशुपालन, डेयरी एवं मत्स्य पालन राज्यमंत्री डा संजीव कुमार बालियान ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान डा बालियान ने उत्तराखंड के विकास के मद्देनजर अपने विभागों से जुड़ी विभिन्न योजनाओं के साथ ही सम-सामयिक विषयों पर चर्चा की।

पूर्व राज्यपाल ने विवेकाधीन कोष से स्वीकृत किए 1.53 करोड़

पूर्व राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने अपने कार्यकाल के दौरान 292 व्यक्तियों व संस्थाओं को 1.53 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की। राज्यपाल के विवेकाधीन कोष से जारी धनराशि के संबंध में शिमला बाइपास रोड, देहरादून निवासी मौहम्मद आशिक ने सूचना के अधिकार के तहत जानकारी मांगी थी। राजभवन सचिवालय ने जानकारी देते हुए बताया कि पूर्व राज्यपाल बेबी रानी मौर्य के कार्यकाल में 609 व्यक्तियों व संस्थाओं ने आर्थिक सहायता के लिए आवेदन दिए थे। इसके सापेक्ष राजभवन ने 292 व्यक्तियों व संस्थाओं के लिए 1.53 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *