यूक्रेन में राजधानी कीव समेत कई जगह धमाके, बैलिस्टिक मिसाइलों से किया जा रहा हमला

national

रूस और यूक्रेन के बीच विवाद लगातार बढ़ता ही जा रहा है। दोनों देशों के बीच हालात युद्ध के करीब पहुंच चुके हैं। इसी बीच रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने यूक्रेन के खिलाफ सैन्य अभियान’ की घोषणा कर दी है। उन्होंने कहा युद्ध को टाला नहीं जा सकता। समाचार एजेंसी एएफपी के अनुसार रूस के राष्ट्रपति ने आदेश जारी करते हुए कहा कि अगर यूक्रेन पीछे नहीं हटता है तो जंग होकर रहेगी। पुतिन ने यूक्रेनी सेना को धमकी देते हुए कहा कि जल्द से जल्द हथियार डाल दें नहीं तो युद्ध को टाला नहीं जा सकता है। वहीं यूक्रेन से लगातार धमाकों की आवाज सुने जाने की खबर आ रही है। एएफपी ने जानकारी दी है कि कीव में एक जोरदार धमाका सुना गया है। इससे पहले पूर्वी यूक्रेन में गोलाबारी की आवाज सुनाई दी थी। सोशल मीडिया पर भी कई लोग अलग-अलग जगहों पर ब्लास्ट का दावा कर रहे हैं।

182 भारतीय नागरिकों को लेकर कीव से दिल्ली पहुंचा विशेष विमान

भारत में यूक्रेन इंटरनेशनल एयरलाइंस के एक अधिकारी ने बताया कि यूक्रेन इंटरनेशनल एयरलाइंस (UIA) का एक विशेष विमान 182 भारतीय नागरिकों के साथ आज सुबह 7:45 बजे कीव से दिल्ली हवाई अड्डे पर पहुंचा है।

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में रूस का बयान

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) की बैठक में रूस के प्रतिनिधि ने कहा पुतिन ने जिस स्पेशल आपरेशन का ऐलान किया है, वह यूक्रेन के लोगों को बचाने के लिए है जो सालों से पीड़िता थे। जो भी फैसले हुए हैं वे UN चार्टर के आर्टिकल 51 के हिसाब से हैं। हम हालातों पर नजर रखे हुए हैं।

कोई देश बीच में आया तो अंजाम बुरा होगा: पुतिन

रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने कहा है कि जो कोई भी हमारे देश और हमारे लोगों के लिए खतरे पैदा करने की कोशिश करता है, उसे पता होना चाहिए कि रूस की प्रतिक्रिया तत्काल होगी और आपको ऐसे परिणामों की ओर ले जाएगी जैसा आपने अपने इतिहास में पहले कभी अनुभव नहीं किया है।

यूक्रेन अपना बचाव करेगा और जीतेगा- यूक्रेन के विदेश मंत्री

रूसी राष्ट्रपति के ऐलान के बाद यूक्रेन के विदेश मंत्री की प्रतिक्रिया आई है। उन्होंने कहा यूक्रेन अपना बचाव करेगा और जीतेगा। पुतिन ने अभी-अभी यूक्रेन पर पूर्ण पैमाने पर आक्रमण शुरू किया है। यूक्रेन के शांतिपूर्ण शहरों पर हमले हो रहे हैं, यह आक्रामकता का युद्ध है। दुनिया पुतिन को रोक सकती है और उसे भी करना चाहिए। अब कार्रवाई करने का समय है।

रूस-यूक्रेन संकट के बीच यूक्रेन में कई जगह धमाके

रूस के साथ युद्ध की आशंका के बीच कीव में धमाके की आवाज सुनी गई है। समाचार एजेंसी के अनुसार, कीव में एक जोरदार धमाका हुआ है। राजधानी कीव के अलावा खार्किव, पूर्वी यूक्रेन के मारियुपोल में धमाकों की आवाज सुनी गई है।

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का बयान

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन अपने संबोधन में कहा यूक्रेन में (विशेष सैन्य अभियान की) हमारी योजनाओं में यूक्रेनी क्षेत्र पर कब्जा शामिल नहीं है। हमारा लक्ष्य यूक्रेन का गैरफौजीकरण हैं।

रूस होगा हमले के लिए जिम्मेदार- जो बाइडेन

रूसी राष्ट्रपति के ऐलान के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन की प्रतिक्रिया आई है। उन्होंने कहा इस हमले से होने वाली मौत और तबाही के लिए रूस अकेला जिम्मेदार होगा। अमेरिका और उसके सहयोगी एकजुट और निर्णायक तरीके से जवाब देंगे। पूरी दुनिया की प्रार्थनाएं आज रात यूक्रेन के लोगों के साथ हैं, क्योंकि वे रूसी सैन्य बलों द्वारा एक अनुचित हमले का शिकार हुए हैं। राष्ट्रपति पुतिन ने एक पूर्व नियोजित युद्ध चुना है जो जीवन और मानव जाति के लिए एक विनाशकारी नुकसान लाएगा।

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने लिया संकल्प

समाचार एजेंसी एएफपी के मुताबिक, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन के रूसी आपरेशन में हस्तक्षेप करने वाले देश के खिलाफ भी जवाबी कार्रवाई का संकल्प लिया है।

पुतिन ने यूक्रेन के खिलाफ सैन्य अभियान की घोषणा

रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने यूक्रेन के खिलाफ सैन्य अभियान’ की घोषणा कर दी है, उन्होंने कहा युद्ध को टाला नहीं जा सकता। समाचार एजेंसी एएफपी के अनुसार रूस के राष्ट्रपति ने आदेश जारी करते हुए कहा कि अगर यूक्रेन पीछे नहीं हटता है तो जंग होकर रहेगी। पुतिन ने यूक्रेनी सेना को धमकी देते हुए कहा कि जल्द से जल्द हथियार डाल दें नहीं तो युद्ध को टाला नहीं जा सकता है।

UN में बोले टीएस तिरुमूर्ति

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत के स्थायी प्रतिनिधि टीएस तिरुमूर्ति ने कहा यूक्रेन में 20,000 से अधिक भारतीय छात्र फंसे हैं, हम छात्रों सहित सभी भारतीय नागरिकों की वापसी के लिए सुविधा प्रदान कर रहे हैं।

क्या बोले संयुक्त राष्ट्र महासचिव

रूस और यूक्रेन के हालात पर संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने कहा दरअसल रूस द्वारा एक आपरेशन तैयार किया जा रहा है। राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन अपने सैनिकों को यूक्रेन पर हमला करने से रोकें और शांति का एक मौका दें।

UN की आपात बैठक शुरु

वहीं, यूक्रेन संकट पर चर्चा के लिए संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारतीय समयानुसार गुरुवार सुबह 8:00 बजे (21:30 EST) से बैठक शुरु हो गई है।

रूस की नार्ड स्ट्रीम 2 गैस पाइपलाइन पर लगाया प्रतिबंध

इससे पहले आज राष्ट्रपति जो बाइडेन ने राष्ट्रीय सुरक्षा छूट का उपयोग करके रूस की नार्ड स्ट्रीम 2 गैस पाइपलाइन के निर्माण के प्रभारी कंपनी पर प्रतिबंधों को लगा दिया है। बाइडन ने कहा कि ये कदम यूक्रेन में रूस की कार्रवाइयों के जवाब में प्रतिबंधों की हमारी प्रारंभिक किश्त का एक और हिस्सा हैं। जैसा कि मैंने स्पष्ट किया है, यदि रूस आगे बढ़ना जारी रखता है तो हम और कदम उठाने में संकोच नहीं करेंगे।

अमेरिका की पाकिस्तान को नसीहत

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान की मास्को यात्रा पर संयुक्त राज्य अमेरिका ने नसीहत दी है। अमेरिका ने कहा कि रूस द्वारा यूक्रेन पर लिए गए फैसलों पर आपत्ति जताना हर जिम्मेदार देश की जिम्मेदारी है। अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता नेड प्राइस ने बुधवार को कहा कि अमेरिका ने यूक्रेन के हालात पर पाकिस्तान को अपनी स्थिति से अवगत करा दिया है।

आपको बता दें कि पूर्वी यूक्रेन के विद्रोहियों के कब्जे वाले दो इलाकों को रूस द्वारा स्वतंत्र घोषित किए जाने के विरोध में अमेरिका ने रूसी संस्थाओं और व्यक्तियों पर कई तरह के प्रतिबंध लगाए हैं। इन प्रतिबंधों के दायरे में रूसी बैंक, कर्ज, सहायता और निवेश आए हैं। अमेरिका और पश्चिमी देशों ने चेतावनी दी है कि रूस ने अगर यूक्रेन के खिलाफ युद्ध छेड़ा तो उस पर बर्बाद करने वाले प्रतिबंध लगाए जाएंगे। जबकि चीन ने कहा है कि प्रतिबंध किसी समस्या का समाधान नहीं होते। यूक्रेन मसले को संयम बरतते हुए बातचीत के जरिये सुलझाया जाना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *