कांग्रेस विधायक पीसी शर्मा ने धोनी को भारत रत्न से सम्मानित करने की मांग की

राजनीतिक

भारत के सफलतम कप्तानों में शुमार महेंद्र सिंह धौनी ने शनिवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा की। इसके एक दिन बाद मध्य प्रदेश के कांग्रेस नेता ने उन्हें भारत रत्न देने की मांग की है। भोपाल से कांग्रेस विधायक पीसी शर्मा ने धौनी को भारत देने की मांग करते हुए कहा कि भारतीय क्रिकेट को पूरी दुनिया में विजेता के रूप में स्थापित करने वाले  ‘देश के रत्न’ महान कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को भारत-रत्न से सम्मानित किया जाना चाहिये। धोनी खेल की दुनिया के भारत रत्न हैं। उन्होंने क्रिकेट में देश का नाम ऊंचा किया है। बता दें कि धौनी को राजनीति में हाथ आजमाने का भी ऑफर मिल चुका है।

भाजपा नेता सुब्रमण्‍यम स्‍वामी धौनी को चुनाव लड़ने का ऑफर देते हुए  ट्वीट कर कहा कि एमएस धौनी क्रिकेट से रिटायर हो रहे हैं और किसी अन्य चीज से नहीं। बाधाओं से लड़ने की उनकी प्रतिभा और एक टीम का नेतृत्‍व करने की जो क्षमता उन्‍होंने क्रिकेट में दिखाई है, उसकी सार्वजनिक जीवन में काफी जरूरत है। उन्‍हें 2024 में लोकसभा चुनाव लड़ना चाहिए। इसके अलावा  झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन धौनी के लिए रांची में एक फेयरवेल मैच आयोजित करने की मांग की है।

भारत रत्न  से सम्मानित होने वाले इकलौते खिलाड़ी हैं सचिन तेंदुलकर

गौरतलब है कि पूर्व भारतीय क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर देश के सबसे बड़े नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित होने वाले इकलौते खिलाड़ी हैं। साल 2014 में उन्हें यह सम्मान मिला था। हॉकी के जादूगर कहे जाने वाले मेजर ध्यानचंद को भी भारत रत्न से सम्मानित करने की मांग उठती रहती है। यह सम्मान राष्ट्रीय सेवा के लिए दिया जाता है। इन सेवाओं में कला, साहित्य और विज्ञान और सार्वजनिक सेवा शामिल हैं। धौनी ने 2007 में राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार जीता था। इसके अलावा वह सचिन के बाद 2018 में पदम भूषण पुरस्कार जीतने वाले दूसरे क्रिकेटर थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *