दिल्ली-एनसीआर में ठंड का कहर जारी, टूटा 17 साल का रिकॉर्ड

national

दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में ठंड का कहर जारी है। शीत लहर जारी रहने के बीच सोमवार को फिर दिल्ली में न्यूनतम तापमान ने 17 सालों का रिकॉर्ड तोड़ा है। रविवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान सामान्य से 4 डिग्री कम यानी 6.9 डिग्री सेल्सियस था, जबकि सोमवार को यह सामान्य से 5 डिग्री कम 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (India Meteorological Department) के अनुसार,  सोमवार को दिल्ली-एनसीआर के आसमान में आंशिक तौर पर बादल छाए रहेंगे। वहीं, दिल्ली में ठंड इस बार नित नए रिकॉर्ड बना रही है। अक्टूबर की ठंड ने 58 सालों का रिकॉर्ड तोड़ा तो अब नवंबर में आए दिन दशकों का रिकॉर्ड टूट रहा है। इस माह के 22 दिनों में ही ऐसी अनेक सुबह दर्ज हो चुकी हैं जो 2010 के बाद से सर्वाधिक ठंडी रहीं। रविवार की सुबह तो 17 सालों में नवंबर की सबसे सर्द थी। ठंड का आलम यह है कि अब न्यूनतम तापमान के साथ साथ अधिकतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है।

मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान सामान्य से 4 डिग्री कम 6.9 डिग्री सेल्सियस रहा। 2004 से लेकर अभी तक नवंबर माह का यह सबसे कम न्यूनतम तापमान है। 2003 में 29 नवंबर को न्यूनतम तापमान 6.1 डिग्री रहा था।

यहां यह भी बता दें कि शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था, जो 14 साल में सबसे कम था। यानी नवंबर में ठंड रोजाना ही नया रिकॉर्ड बना रही है। पहले जो ठंड दिसंबर में पड़ा करती थी, इस साल दिल्ली वासी नवंबर में ही महसूस कर रहे हैं। यहां यह भी उल्लेखनीय है कि इस माह में न्यूनतम तापमान का ऑल टाइम रिकॉर्ड 28 नवंबर 1938 का है, जब यह केवल 3.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था।

स्काईमेट वेदर के मुख्य मौसम विज्ञानी महेश पलावत ने बताया इतना कम तापमान जाने और ठंड बढ़ने की मुख्य रूप से दो वजह हैं। पहली यह कि इन दिनों आसमान साफ चल रहा है। बादल बिल्कुल नहीं हैं। इस तरह के मौसम में सर्दी तेजी से बढ़ती है। दूसरी वजह यह कि पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर भी दिल्ली तक पहुंच रहा है।

वहीं, प्रादेशिक मौसम विज्ञान केंद्र दिल्ली के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि बादलों की गैर मौजूदगी में 16 तारीख को छोड़कर इस पूरे माह रोजाना ही न्यूनतम तापमान सामान्य से दो तीन डिग्री कम रहा है। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को आंशिक तौर पर बादल छाए रहेंगे। सुबह के समय धुंध होगी। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 24 और 8 डिग्री रहने की संभावना है। हालांकि 25 से एक नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से तापमान में थोड़ा इजाफा हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *