मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत 57 वर्ष के हुए, पीएम मोदी सहित कई दिग्गज हस्तियों ने दी बधाई

उत्तराखण्ड

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत आज 57 वर्ष के हो गए हैं। उन्होंने अपना जन्मदिन बाल वनिता आश्रम में बच्चों के साथ केक काटकर मनाया। इस दौरान बच्चों ने सीएम को जन्मदिन की बधाई दी। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, लोकसभा स्पीकर ओम बिरला, केंद्रीय मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, उत्तरप्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ, उत्तराखंड की राज्यपाल बेबी रानी मौर्य और पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना की। वहीं, हिमाचल के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भी ट्वीट के जरिए उन्हें जन्मदिन की बधाई दी।

पौड़ी गढ़वाल की असवालस्यूं पट्टी के सीरों गांव में नौ अप्रैल 1964 में जन्मे उत्तराखंड के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत आज अपना जन्मदिन मना रहे हैं। उनके जन्मदिन पर श्री श्रद्धानंद बाल वनिता आश्रम में यज्ञ का आयोजन किया गया। आश्रम के बच्चों ने मुख्यमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने अपने जन्म दिवस को बच्चों के साथ केक काटकर मनाया। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों को मिष्ठान और फल वितरण भी किया।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट कर लिखा, देवभूमि उत्तराखंड के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को उनके जन्मदिन की अनंत शुभकामनाएं। प्रभु श्री राम से आपके उत्तम स्वास्थ्य एवं सुदीर्घ जीवन की कामना करता हूं। मुझे विश्वास है आपके नेतृत्व में उत्तराखंड विकास के नित नए मानक स्थापित करेगा।

इसके अलावा केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, पीयूष गोयल, केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर, मध्यप्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान, मणिपुर के सीएम एन बीरेन सिंह और नागरिक उड्ययन मंत्री(स्वतंत्र प्रभार) हरदीप सिंह पुरी और राजस्थान की पूर्व सीएम वसुंधरा राजे ने भी सीएम तीरथ रावत को बधाई दीं।

वहीं, पूर्व सीएम त्रिवेंद्र रावत ने ट्वीट करते हुए लिखा मेरे छोटे भाई और प्रदेश के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। आप सदैव स्वस्थ रहें, सुदीर्घ आपका जीवन हो और आपके नेतृत्व में हमारी देवभूमि उत्तराखंड विकास व उन्नति के नित नए आयाम छुए, ऐसी भगवान बदरीविशाल व बाबा केदार से मंगल कामना करता हूं। पिथौरागढ़ विधायक चंद्रा पंत ने सीएम रावत की दीर्घायु की कामना करते हुए पिथौरागढ़वासियों की ओर से जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।

अखाड़ा परिषद ने दी बधाई

अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद ने भी सीएम रावत को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके दीर्घायु की कामना की है। परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत नरेंद्र गिरि ने उनके कार्यों की भी सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *