आसन वेटलैंड की सैर कर अब अपने वतन लौटने लगे हैं प्रवासी परिंदे

उत्तराखण्ड

देहरादून। मौसम में गर्माहट आने के साथ ही कंजरवेशन रिजर्व आसन वेटलैंड में प्रवास पर आए परिंदों के अपने मूल स्थानों की ओर लौटने का क्रम शुरू हो गया है। इसके चलते उत्तराखंड के मेहमान बने 79 प्रजातियों के 6170 परिंदों की संख्या घटकर अब पांच हजार रह गई है। आसन नमभूमि में विदेशी परिंदों का प्रवास अक्टूबर से अप्रैल प्रथम सप्ताह तक रहता है। इसके बाद ये अपने-अपने गंतव्यों की ओर कूच कर जाते हैं।

देहरादून में स्थित कंजरवेशन रिजर्व आसन वेटलैंड में प्रवासी परिंदों की विधिवत गणना के बाद विशेषज्ञों ने इनकी संख्या 6170 आंकी थी, लेकिन अपने वतन वापस लौटने का क्रम शुरू होने के बाद अब इनकी पांच हजार के आसपास रह गई है। मूल स्थानों को परिंदों की उड़ान शुरू होने पर आसन झील में इनका कलरव भी कम हो गया है। आसन नमभूमि क्षेत्र में विदेश से प्रवास पर आने वाले परिंदों को कलकल बहती यमुना, समीपवर्ती पहाड़ियों से फूटते झरने, हरियाली से लकदक पहाड़, नमभूमि क्षेत्र में घास और झाड़ियों के झुरमुट, मड टापू और शांत वातावरण बेहद भाते हैं। यही वजह है कि यहां हर साल इनकी संख्या में इजाफा होता जा रहा है।

चकराता वन प्रभाग की आसन रेंज के रेंजर जवाहर सिंह तोमर व वन बीट अधिकारी प्रदीप सक्सेना बताते हैं कि मौसम में हल्की गर्माहट आने के कारण प्रवासी परिंदे अपने मूल स्थानों की ओर लौटने लगे हैं। हालांकि, वर्तमान में परिंदों की सभी प्रजातियां यहां मौजूद हैं, पर उनकी संख्या में कमी आ गई है।

इन स्थानों से प्रवास पर आते हैं परिंदे 

लेह-लद्दाख, साइबेरिया, अफगानिस्तान, पाकिस्तान, कजाखिस्तान, चीन, तिब्बत, भूटान, बांग्लादेश, नेपाल समेत दक्षिण एशिया के अन्य देश।

आसन नमभूमि में आने वाले परिंदों के वर्षवार आंकड़े 

वर्ष,     प्रजाति, परिंदे

2019,   79,  6170

2018,   61,  6008

2017,   60,  4569

2016,   84,  5635

2015,   48,  5796

ये परिंदे बने हैं उत्तराखंड के मेहमान 

व्हाइट ब्रेस्टेड वाटरहेन, कॉमन मोरहेन, रेड वेटल्ड लेपविंग, रीवर लेपविंग, यूरोशियन करलू, मार्स शेंडपाइपर, कॉमन ग्रीनसेंक, ग्रीन शेंडपाइपर, कॉमन शेंडपाइपर, पलास गल, पलास फिश ईगल, वेस्टन मॉर्स हेरर, स्माल ब्ल्यू किंगफिशर, व्हाइट ब्रेस्टेड किंगफिशर, ग्रेट क्रेस्टेड ग्रीब, बार हेडेड गीज, पर्पल स्वेप हेन, लेसर पाइड किंगफिशर, कॉमन स्वेलो, व्हाइट वेगटेल, व्हाइट ब्राउड वेगटेल, ग्रे वेगटेल, डस्टी क्रेग मार्टिन, स्टार्क थ्रोटेड स्वेलो, प्लेन मार्टिन, ब्लैक काइट, ब्लैक विंग्ड सिल्ट, कॉमन कूट आदि।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *