स्वतंत्र एजेंसी से सर्वेक्षण कराएं शाह : सिसोदिया

उत्तराखण्ड

नयी दिल्ली। दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने भाजपा अध्यक्ष अमित शाह से शिक्षा के क्षेत्र में दिल्ली की आप सरकार और भाजपा शासित राज्यों में किए गए कामों की तुलना के लिए किसी स्वतंत्र एजेंसी से सर्वेक्षण कराने को कहा है। दिल्ली विधानसभा में विपक्ष के नेता विजेन्द्र गुप्ता ने हाल ही में आरोप लगाया था कि आप सरकार के, दिल्ली में स्कूली शिक्षा के क्षेत्र में ‘‘अचंभित’’ करने वाले कामों के ‘‘विशाल दावे’’ ‘‘खोखले हैं।

शिक्षा का प्रभार संभालने वाले उप मुख्यमंत्री ने कहा कि वह इस बाद से प्रसन्न हैं कि ‘‘गौरक्षा और मंदिर मस्जिद’’ जैसे विभाजनकारी मुद्दे उठाने वाली भाजपा अब शिक्षा पर बोलने के लिए मजबूर हुई है। सिसोदिया ने लिखा, ‘‘यह देश की राजनीति के लिए अच्छा है।’’ उन्होंने दावा किया कि केवल दिल्ली ने ही अपने बजट का एक चौथाई हिस्सा शिक्षा पर खर्च किया, स्कूल प्रबंधन समिति का चुनाव कराया और शिक्षकों तथा प्राचार्यों को सिंगापुर और कैम्ब्रिज भेजा।

सिसोदिया ने शाह से पिछले 10-15 साल के लिए भाजपा शासित कोई एक राज्य का चुनाव करने को कहा ताकि शिक्षा के क्षेत्र में किए गए कामों की तुलना दिल्ली की आप सरकार की उपलब्धियों से की जा सके। उन्होंने दिल्ली में भाजपा शासित नगर निगम के स्कूलों का स्वतंत्र सर्वे कराने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *